निर्भीक कलम
केम्पटी (टिहरी गढ़वाल), 12 जुलाई:
लखवाड़ जल विद्युत परियोजना के अंतर्गत संचालित कैट परियोजना के सहयोग से ग्राम पंचायत बंगलो की कांडी (खनाल्टी) में बुरांश स्क्वैश बनाने का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम किंचित प्रयास फाउंडेशन, देहरादून द्वारा ऋषिकेश स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वनक्षेत्राधिकारी, केम्पटी उपस्थित रहीं। उन्होंने प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण किया और महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों के उपयोग से गांव की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को बुरांश फूलों से स्क्वैश तैयार करने की पूरी प्रक्रिया, उसके स्वास्थ्य लाभ, संरक्षण तकनीक, और बाजार में बिक्री की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षकों ने महिलाओं को स्वच्छता, पैकिंग और लेबलिंग के साथ-साथ उद्यमिता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ भी दीं।
प्रशिक्षण पूरा करने के पश्चात सभी प्रतिभागियों को स्वयं निर्मित बुरांश स्क्वैश की बोतलें प्रदान की गईं। स्थानीय महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण उनके लिए एक नई शुरुआत है।
यह पहल न केवल ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रभावशाली कदम है, बल्कि महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों के संवर्धन की दिशा में भी एक सराहनीय प्रयास है।

More Stories
देहरादून के मछली बाजार में युवती की निर्मम हत्या का राज्य महिला आयोग द्वारा स्वतः संज्ञान; वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सख्त कार्रवाई के निर्देश
देहरादून में नई पहलः दून बासमती और पोषक आटा उत्पादों का भव्य शुभारंभ
ग्रामीण समृद्धि की धुरी बनेगी सहकारी समितियांः डॉ. धन सिंह रावत